जानकारी के अनुसार चीन सीमा से सटे नमज्ञा पंचायत के डोगरी नाले के आसपास बुधवार सुबह भारतीय सेना के छह और आईटीबीपी के 10 जवान पेट्रोलिंग पर निकले थे। दोपहर लगभग 12 बजे डोगरी नाले में पहाड़ी से भारी हिमस्खलन हुआ।
संयुक्त पेट्रोलिंग कर रहे जवान इसकी चपेट में आ गए। सेना की टुकड़ी में शामिल सभी छह जवान बर्फ के नीचे दब गए। आनन-फानन में एक जवान राजेश कुमार को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सेना के पांच अन्य जवान अभी तक लापता हैं। उनकी तलाश में आईटीबीपी, भारतीय सेना, जिला प्रशासन और पुलिस के करीब 150 लोग जुटे हुए हैं। बुधवार को दिन भर रेस्क्यू टीम लापता जवानों की तलाश में जुटी हुई है।
एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने कहा कि नमज्ञा में हिमस्खलन की चपेट में आने से भारतीय सेना के एक जवान की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य लापता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
शहीद हुए जवान को पूह स्थित आर्मी हेडक्वार्टर लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर जिले के नामज्ञा डोगरी में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के जवान की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सेना के जवानों को रेस्क्यू करने चलाए ऑपरेशन में हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने उपायुक्त किन्नौर को सेना और आईटीबीपी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।