राजधानी में 170 साल पुराना ब्रिटिशकाल में बना भवन आग की भेंट चढ़ गया। छोटा शिमला स्थित डिंपल लॉज में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट इसकी वजह माना जा रही है। इस भवन में कुछ माह पहले दादी की शादी फिल्म की शूटिंग भी हुई थी।
लकड़ी का भवन होने से आग तेजी से फैली और कुछ ही समय में पूरा भवन इसकी चपेट में आ गया। इस अग्निकांड में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। इसमें भवन के साथ सामान भी शामिल है। जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे की है, जब यहां पर लोगों ने भवन से लपटों को उठते हुए देखा। उन्होंने फौरन मामले की सूचना अग्निशमन केंद्र मालरोड को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र छोटा शिमला, मालरोड और बालूगंज से करीब 7 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। भवन लकड़ी का बना था और इसके भीतर रखा फर्नीचर भी लकड़ी का था। इस वजह से कुछ ही समय में आग पूरे भवन में फैल गई।