जानकारी के मुताबिक उपतहसील कोटगढ़ के जाबड़ गांव में मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे मकान में अचानक आग भड़क उठी। लकड़ी के तीन मंजिला भवन की सबसे ऊपरी मंजिल में देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। घटना के वक्त मकान मालिक कुलदीप मेहता का परिवार घर पर ही था। जैसे ही परिवार को आग लगने की सूचना मिली तो उन्होंने राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय ग्रामीण भी आग बुझाने में जुट गए। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई।
टिक्कर और कुमारसैन से अग्निशमन दल भी पहुंच गया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना में घर की ऊपरी मंजिल में रखा सामान, नकदी और गहने भी आग की भेंट चढ़ गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीएम कुमारसैन कृष्ण कुमार शर्मा और नायब तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम कुमारसैन कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।