देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
र्शिमला। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें और अभद्र टिप्पणियां करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि सोशल मीडियार पर सत्य की खोज नाम के एक पेज पर लगातार इस तरह की सामग्री अपलोड की जा रही है, जिससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। मामला सामने आने के बाद हिमाचल देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक मदन ठाकुर ने इस संबंध में बालूगंज थाने में लिखित में शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता मदन ठाकुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर देवता की आपत्तिजनक फोटो बनाकर वायरल की जा रही थी। जब अपने स्तर पर मामले की पड़ताल की तो पता चला कि सत्य की खोज नामक से एक पेज चल रहा है। इसमें हिंदू देवी-देवताओं के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने के साथ ही उनकी आपत्तिजनक फोटो बनाकर अपलोड की जा रही हैं। इससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।