महिलाओं के अनुसार, सुरक्षा गार्ड की नौकरी समाप्त होने के बाद उन्होंने दोबारा रोजगार पाने के लिए आईआईएम सिरमौर के प्रशासनिक अधिकारी से संपर्क किया। आरोप है कि उनसे 25-25 हजार रुपये की मांग भी की गई। इतना ही नहीं इस दौरान अधिकारी ने उनकी मजबूरी का कथित फायदा उठाने की कोशिश की और नौकरी दिलाने की एवज में अपनी मर्जी से काम करने तथा उसके कथित अनुचित व्यवहार का विरोध नहीं करने जैसी शर्तें रखीं। शिकायत में अधिकारी पर महिलाओं के चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है। महिलाओं का कहना है कि इस कथित व्यवहार से उनकी गरिमा और सम्मान को गंभीर ठेस पहुंची। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना माजरा में शिकायत के आधार पर प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।