आईआईएम सिरमौर धौलाकुआं के एक प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ दो पूर्व महिला सुरक्षा गार्डों ने शिकायत दी है। दोनों महिलाओं ने अधिकारी पर नौकरी के दौरान मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने, नौकरी दोबारा दिलाने के नाम पर उनकी मजबूरी का कथित लाभ उठाने, अनुचित शर्तें रखने और अपमानजनक टिप्पणी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एक शिकायतकर्ता महिला ने अधिकारी पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे पहले आईआईएम सिरमौर में सुरक्षा गार्ड के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। उनका आरोप है कि नौकरी के दौरान भी संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उन्हें कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था। नौकरी जाने के डर से उन्होंने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की।