शराब पीने और धूम्रपान पर पांच हजार से दो हजार तक जुर्माना किया जाता है।
- फोटो : अमर उजाला
छोटी काशी मंडी के देव महाकुंभ में सोने-चांदी के रथों से सुसज्जित सैकड़ों देवी-देवताओं ने डेरा डाला है। ये देवता युवाओं और अन्य लोगों को नशे से दूर रखने के लिए जुर्माना भी लगाते हैं। शराब पीने और धूम्रपान पर पांच हजार से दो हजार तक जुर्माना किया जाता है।
आस्था के समागम छोटी काशी के शिवरात्रि पर्व में शिरकत करने वाले बदार घाटी के देव शुकदेव ऋषि थट्टा शराब के सेवन के बिल्कुल खिलाफ हैं। वहीं, चौहारघाटी के देव हुरंग नायारण और देव पेखरा गहरी भी नशा मुक्त समाज का संदेश दे रहे हैं।
थट्टा गांव में कोई भी व्यक्ति शराब पीकर नहीं जा सकता। अगर कोई व्यक्ति गांव में शराब पीकर जाता है तो देवता उसको पांच हजार रुपये तक जुर्माना भी कर सकता है। वहीं, चौहारघाटी के शिवरात्रि में शिरकत करने आए इन दोनों देवों के रथों पर बाकायदा धूम्रपान के निषेध की पट्टिका भी लगाई गई है।