शिमला। राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल के पिछले हिस्से में गंदगी खुले में बह रही है। इससे बरसात के मौसम में संक्रमण और बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में समस्या गंभीर हो सकती है।
अस्पताल के पिछले हिस्से से रोजाना सैकड़ों मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही होती है। गंज बाजार से डीडीयू अस्पताल पहुंचने के लिए मरीज और तीमारदार इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। बरसात के दौरान सीवरेज के खुले में बहने से संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीमारदारों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या से अस्पताल प्रबंधन को अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि यदि सीवरेज का पानी बरसात के पानी के साथ मिलकर जलस्रोतों तक पहुंचा तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। डीडीयू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को अवगत करवाकर और समस्या का जल्द समाधान करवाने के लिए कहा जाएगा।