मशहूर फिल्म अभिनेता और कॉमेडी किंग गोविंदा शनिवार शाम मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे और मंदिर में पूजा-अर्चना की। चिंतपूर्णी पहुंचने पर पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंदर छिंदा ने उनका स्वागत किया। मंदिर में उनसे माता रानी की विधिवत पूजा अर्चना करवाई।
गोविंदा के मंदिर पहुंचने की खबर किसी को पता नहीं थी। लेकिन जैसे ही गोविंदा चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे देखते ही मंदिर में श्रद्धालुओं की उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। बाजार से जाते वक्त गोविंदा ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान केवल उन्होंने केवल दुर्गासप्तशती के श्लोक का पाठ करने के साथ माता का जयकारा लगाया। गोविंदा के इस कार्यक्रम को पूरी तरह से गुप्त रखा गया था। इस दौरान उनकी सुरक्षा में पुलिस बल भी तैनात रहा।
गोविंदा ने माता का जयकारा लगाने के अलावा मीडिया से कोई विशेष बात नहीं की। उन्होंने केवल इतना कहा कि वह माता रानी का आशीर्वाद लेने आए हैं।