शिमला। चमियाना के समीप कार के पलटने का मामला सामने आया है। हादसे में दंपती समेत दो बच्चों को चोटें आई हैं। हादसा रविवार दोपहर के समय पेश आया, जब कार अनियंत्रित होकर चमियाना मार्ग में मंदिर के समीप पलट गई। बताया जा रहा है कि परिवार मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। हादसे सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए चमियाना अस्पताल ले जाया गया। यहां सभी को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी भेजा गया। हादसे में पति-पत्नी और दोनों बच्चों को चोटें आई हैं। चिकित्सकों के मुताबिक महिला की टांग में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि तंग सड़क होने के कारण यहां आए दिए हादसे हो रहे हैं। मार्ग से हर रोज प्रदेशभर के मरीज, चिकित्सक और अन्य लोग आवाजाही करते हैं लेकिन संकरा मार्ग होने के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क को जल्द चौड़ा करने और कच्चे हिस्से को भी जल्द पक्का करने की मांग उठाई है। ब्यूरो