नकली दवाएं बनाने में इस्तेमाल मशीनें।
- फोटो : संवाद
नकली दवाइयों के जखीरे के साथ गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने बद्दी में ट्रेजल फोरमुलेशन नाम से एक फर्जी कंपनी खोली हुई थी। इनके पास उद्योग विभाग से कोई परमिशन नहीं थी। न ही प्रदूषण और बिजली बोर्ड की एनओसी थी। प्लॉट सराह इंटरप्राइजेज के नाम पर है जबकि फैक्टरी में मिले दस्तावेज ट्रेजल फॉरमुलेशन के नाम पर हैं। ड्रग विभाग ने कंपनी में रखी मशीनरी, पैकिंग मैटीरियल और दवाओं को कब्जे में लेने के बाद कंपनी को सीज कर दिया है। रिमांड में चल रहे तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने नकली दवाएं कहां-कहां बेचीं। ड्रग विभाग को अंदेशा है कि इस नकली दवा कारोबार के मामले में और भी लोग हो सकते हैं। उधर, विभाग ने उद्योग, बिजली और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर बिना किसी मंजूरी के फैक्टरी चलाने के बारे में अवगत करवाया और संबंधित विभाग को भी कार्रवाई करने के लिए कहा।
बद्दी के हनुमान चौक के समीप ट्रेजल फोरमुलेशन नाम से कंपनी खोली गई थी। इसका कहीं कोई रिकॉर्ड नहीं है। कंपनी संचालक मोहित बंसल, विजय कौशल और अतुल गुप्ता ने बिना किसी मंजूरी के कंपनी खोली हुई थी। ड्रग विभाग ने छापे के दौरान यहां से एक दर्जन भारी भरकम मशीनें, पैकिंग मैटीरियल और दवाइयां बरामद की हैं। ड्रग नियंत्रक नवनीत मरवाह ने बताया कि विभाग की कार्रवाई वीरवार को पूरा दिन जारी रही। विभाग ने कंपनी की मशीनरी, रिकॉर्ड, मौके पर मिली दवाइयां कब्जे में ली हैं। यहां पर आठ प्रकार की दवाइयां मिली हैं। विभाग ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया हुआ है। इस नकली दवा कारोबार के मामले में और भी लोग हो सकते हैं। विभाग की टीम इस मामले में गहनता से छानबीन कर रही है।
इन कंपनियों की दवा और पैकिंग मैटीरियल मिला
1. सिप्ला की मोंटेर 10
2 जायडस की आटोरवा 10
3 यूएसवी की रोजूडे 10
4 ईपका की जेरोडोल टीएच
5 मेकलॉयड की बायो डी 3 का पैकिंग मटीरियल
6 सिग्नोवा का पेंटोसिग डीएसआर का पैकिंग मटेरियल
7 मार्टिन हर्रिस का यूरीस्पाज का पैकिंग मटेरियल
8 जायडस का आटोरवा का पैकिंग मैटेरियल