हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों की रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे। प्रदेश कांग्रेस में अंदरखाते चल रही उथल-पुथल पर हाईकमान ने कड़ा नोटिस लिया है। इस कारण प्रदेश सह प्रभारी को भेजा है और उनसे पूरे घटनाक्रम पर रिपोर्ट तलब की है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार गुरकीरत सिंह शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पहुंचे। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और पार्टी महासचिव रजनीश किमटा सहित कई अन्य पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान पर भी विस्तार से मंथन किया।
इसके अलावा पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की मजबूती के लिए किए गए कामों पर भी चर्चा की गई। उप चुनाव से पहले पार्टी के कुछ नेता ज्यादा सक्रिय हैं। नेताओं और फ्रंटल संगठनों के खिलाफ लगातार हो रही बयानबाजी से पार्टी की फजीहत हो रही है।
इन सब बातों को ध्यान में रखकर हाईकमान ने आनन-फानन में सह प्रभारी गुरकीरत को पार्टी की मौजूदा स्थिति का जायजा लेकर विस्तृत रिपोर्ट देने का कहा है। हालांकि, प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष से मिलने के बाद गुरकीरत सिंह ने साफ कहा है कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भविष्य में पार्टी को वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कोई भी बयानबाजी किसी भी मंच से बयानबाजी की जाएगी तो ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।