जुन्गा (शिमला)। मशोबरा ब्लॉक के युवाओं ने जल शक्ति विभाग कसुम्पटी मंडल में 40 पदों की आवेदन तिथि 20 अगस्त से बढ़ाकर एक सितंबर करने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण आठवीं कक्षा के प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिले। इससे कई पात्र अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह सकते हैं। जल शक्ति विभाग में पैरा पंप ऑपरेटर के 12, पैरा फिटर के 3 और मल्टी टास्क वर्कर के 25 पद सहित कुल 40 पद भरे जाने हैं। अधिशासी अभियंता विनोद शर्मा ने कहा कि फिलहाल आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है।