शिमला। गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में दून नेचुरल्स की ओर से एक सप्ताह के लिए शीतकालीन कार्निवल का आगाज बुधवार को हुआ। कार्यक्रम में 10 राज्यों के कारीगरों ने अपनी कला और शिल्प उत्पादों के साथ भाग लिया है। इनमें कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, असम, मणिपुर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कारीगरों के बनाए उत्पाद शामिल हैं। कार्निवल में हाथ से बुने हुए ऊन उत्पाद, स्वेटर, पोंचूस, स्कार्फ, मफलर, शॉल, सूट, कुर्ती, स्टॉल, फेरन, कोट, जैकेट, रेशम की साड़ियां और सूट, आदिवासी आभूषण प्रदर्शित किए हैं। प्रदर्शनी के प्रबंधक एवं आयोजक सुधीर गुलिया ने बताया कि दून नेचुरल्स द्वारा शिमला में यह चौथा आयोजन है जो स्थानीय कला प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। संवाद