हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सेकेंड टर्म की परीक्षाएं समाप्त होते ही मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया है। 23 दिसंबर तक शिक्षक पहली से 12वीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं जांचेंगे। तीस दिसंबर तक ई-संवाद के माध्यम से शिक्षकों को परीक्षा परिणाम जमा करवाने को कहा गया है। नौवीं से 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 14 दिसंबर को समाप्त हुई हैं। 15 दिसंबर तक विद्यार्थियों को अभिभावकों के माध्यम से उत्तरपुस्तिकाएं स्कूलों में जमा करवाने को कहा था। सभी स्कूलों में उत्तरपुस्तिकाएं पहुंचते ही अब वीरवार से मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया है। प्रिंसिपल जरूरत के हिसाब से शिक्षकों को स्कूलों में उत्तरपुस्तिकाएं जांचने को बुला रहे हैं। पहली से 8वीं कक्षा की परीक्षाएं दस दिसंबर को समाप्त हुई थीं।