पूर्व सैनिकों के आश्रितों और शहीद सैनिकों की बेटियों के लिए नर्सिंग में भविष्य संवारने का मौका है। सैनिक कल्याण विभाग नर्सिंग पदों के लिए भर्तियों की मांग सरकार को भेजेगा। सैनिक कल्याण विभाग ने इससे पूर्व नर्सिंग की भर्ती प्रक्रिया पात्र अभ्यर्थी न मिलने की वजह से बंद कर दी थी। विभाग सालों से नर्सिंग के पदों को वापस भेजता रहा है।
अब विभाग के पास नर्सिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन आ रहे हैं। इसलिए विभाग ने राज्य सरकार से नर्सों के पदों पर भर्तियों के लिए डिमांड भेजी है। नर्सिंग कोर्स कर चुकीं पूर्व सैनिक आश्रितों और शहीद की बेटियां इन पदों के लिए आवेदन कर सकती हैं। जितनी अभ्यर्थी आवेदन करेंगी, विभाग उतने की पदों की मांग सरकार को भेजेगा।
विभाग ने नर्सिंग के अलावा अन्य पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया मई माह में पूरी कर ली है। नर्सिंग के लिए पात्र अभ्यर्थी न मिलने से विभाग ने नर्सिंग की सीटें वापस भेज दी थीं। अब आवेदन आने लगे हैं तो विभाग भी जल्द पूर्व सैनिक कोटे से भर्ती प्रक्रिया आरंभ करेगा।
उधर, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर एसके वर्मा का कहना है कि नर्सों के पदों के लिए विभाग के पास पात्र अभ्यर्थी नहीं आते थे। इसलिए नर्सिंग की सीटें वापस भेजनी पड़ती थीं। अब अभ्यर्थी नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं। जितने अभ्यर्थियों के आवेदन आएंगे, उतने पदों की मांग सरकार और स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी।