कारगिल युद्ध में शहीद कैप्टन सौरभ कालिया से हुए अमानवीय व्यवहार का मामला अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में ले जाने के लिए पूर्व सैनिक एकजुट हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग ने धर्मशाला कॉलेज के आडिटोरियम में वार्षिक सम्मेलन के दौरान प्रस्ताव पारित कर शहीद कैप्टन सौरभ कालिया को न्याय दिलाने की बात कही।
सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने प्रस्ताव पर मुहर लगाई। पूर्व सैनिक लीग के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहा कि जब कुलभूषण जाधव को न्याय दिलाने के लिए केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में मामला उठाकर सफलता हासिल कर सकती है तो शहीद कैप्टन सौरभ कालिया को भी उसी तर्ज पर न्याय मिलना चाहिए।
शहीद कालिया के पिता अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए केस अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में चलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे हैं। अभी तक केंद्र सरकार ने शहीद कालिया का केस अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में चलाने के लिए हामी नहीं भरी है।
मेजर मनकोटिया ने कहा कि पूर्व सैनिक लीग हिमाचल सरकार के जरिए केंद्र सरकार से इस मामले को उठाएगी और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में शहीद को इंसाफ दिलाया जाएगा।