शिमला। जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए 28 नवंबर को प्रवेश परीक्षा होगी। इसके लिए जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले के करीब 2737 विद्यार्थी इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा उप निदेशक (उच्च शिक्षा) लेखराज भारद्वाज ने सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा निदेशक ने परीक्षा केंद्र बनाए गए सभी स्कूलों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि 23 नवंबर को जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग में केंद्र अधीक्षकों और केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर, राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर, ननखड़ी, कुमारसैन, ठियोग के छात्र और छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पोर्टमोर, छोटा शिमला, चौपाल, नेरवा, कुपवी, जुब्बल, राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू, चिड़गांव, क्वार और सुन्नी स्कूल में परीक्षा आयोजित की जाएगी। संवाद