शिमला। बाहरी राज्यों में हिमाचल के टैक्सी चालकों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी-मैक्सी ऑपरेटर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। एसोसिएशन ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री से इस बारे में बात करके विवाद को सुलझाने का प्रयास करें। बताया कि 20 दिन से चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब जाने वाले टैक्सी चालकों से मारपीट तथा वाहनों से तोड़फोड़ की जा रही है। इससे प्रदेश के टैक्सी ऑपरेटर सहमे हुए हैं। संघ के सचिव नरेंद्र ने बताया कि कुछ दिन पहले पंजाब के भरतगढ़ में भी 12 से 15 टैक्सियों से तोड़फोड़ की गई और चालकों से मारपीट की है। उन्होंने मांग की कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए। इसके साथ ही प्रदेश के डलहौजी, नूरपुर और मनाली में सामने आई घटनाओं पर भी सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे इस तरह के विवाद भविष्य में न हों। ब्यूरो