ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने सोमवार को बिजली बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस में अधिकारियों और कर्मचारियों की खूब क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा नहीं करने वालों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों सहित बोर्ड लिमिटेड में कार्यरत मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, मैनेजर एवं अन्य से बोर्ड के कार्यों में लक्ष्य निर्धारित करने और उनको समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए।
अनिल शर्मा ने बोर्ड लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं बोर्ड लिमिटेड की त्रैमासिक समीक्षा बैठक में प्रगति कार्यों की हर स्तर पर समीक्षा करेंगे। केंद्रीय वित्त पोषित योजनाओं की हर लाभप्रद योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को विद्युत संचार में होने वाली हानियों को कम करने के प्रति लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें और अधिक कम करने पर बल दिया। प्रदेश में विद्युत संचार लाइनों की लंबाई घटाकर, संचार प्रणाली में सुधार लाकर विद्युत हानियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने विद्युत चोरी रोकने के भी निर्देश दिए। कहा कि विद्युत आपूर्ति में उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करना होगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे सौर ऊर्जा रूफ टॉप स्थापित करने में रुचि दिखाएं।
मंत्री ने कुमार हाउस स्थित डाटा सेंटर का भी दौरा किया। कहा कि बोर्ड के सभी कार्यों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है। इससे पहले बोर्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जेपी कालटा ने ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा का स्वागत किया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त एवं कार्मिक) सुदेश कुमार मोखटा, निदेशक (तकनीकी) बीएम सूद, निदेशक (परिचालन) वीपी सिंह सहित प्रदेश के परिचालन मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहित बोर्ड लिमिटेड के अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे।