लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। न्यायालय के आदेशों पर शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम के तहत नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर चल रही दुकानों को हटाना शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप बाली, कनिष्ठ अभियंता रजनीश और नगर निगम के कर्मियों ने जेसीबी की मदद से 103 क्षेत्र में पिछले 30 वर्षों से वर्षाशालिका (शेड) के पास चलाई जा रही एक दुकान को हटा दिया। इसके साथ ही 103 में ही सड़क किनारे चल रही एक अन्य दुकान का सामान भी हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने विधानसभा क्रॉसिंग के पास फल की दुकान, पुराने बस अड्डे में ओवरहेड ब्रिज के रास्ते में गजक बेचने वाले, लालपानी जाने वाले रास्ते के पास फल-सब्जी की दुकानों और पंचायत भवन के पास लगी एक सब्जी की दुकान को हटाया। लोकल बस अड्डे के पास लंबे समय से चल रही फल की दुकान को भी कल तक स्वयं हटाने की चेतावनी दी है। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की सड़कों और पैदल रास्तों से अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। लोकल बस अड्डे से वीरवार को ढली तक सड़क और पैदल रास्तों पर बैठकर कारोबार करने वाले अतिक्रमणकारियों को हटाया जाएगा। इसके अलावा सर्कुलर रोड के लक्कड़ बाजार और संजौली सहित लोक निर्माण विभाग की सभी सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।