बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में हाईकोर्ट के आदेश के बाद सरकारी अमले ने सोमवार को पांच अवैध कब्जे हटाए। इस मौके पर जहां कई डंगे हटाए गए तो दीवारें भी तोड़ी गईं। कुछ लोगों ने घर के साथ जमीन पर कब्जे कर रखे थे, प्रशासन ने उन्हें भी मौके पर हटाया। हालांकि इस दौरान एक महिला ने स्टे के नाम पर कब्जा हटाने का विरोध किया लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि जिस खसरा नंबर पर स्टे ले रखा है वह और है जबकि कब्जा किसी और जमीन पर किया गया है।
जिसके बाद प्रशासन की टीम ने कब्जा हटा दिया। इस मौके पर करीब 50 से अधिक पुलिस जवान भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को पहले चरण में करीब 23 कब्जों को हटाना था। जिसमें 15 के करीब लोगों ने स्वयं अपने कब्जे हटा दिए हैं। जबकि पांच पर सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई की।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे बिलासपुर शहर में हड़कंप मचा हुआ है। अभी माना जा रहा है कि आने वाले समय में और लोगों पर भी इस प्रकार की कार्रवाई होना तय है। उधर, अवैध कब्जों को नियमित करने को लेकर किए गए आवेदनों की भी प्रशासन जांच कर रहा है। अगर वहां भी नियमों को तोड़ कर किसी ने कब्जे किए होंगे तो प्रशासन उन्हें भी मौके से हटाएगा। सोमवार को मौके पर एएसपी भागमल ठाकुर, ईओ उर्वशी वालिया, थाना प्रभारी यशवंत ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
एक तरफ कब्ज हटाए दूसरी तरफ अवैध निर्माण
बिलासुपर शहर में जहां प्रशासन अवैध कब्जों पर कार्रवाई कर रहा है। वहीं शहर में कई स्थानों पर अभी भी सरेआम अवैध कब्जे हो रहे हैं। प्रशासन की नजर इस पर नहीं है। सोमवार को जहां डियारा सेक्टर में कब्जे हटाए जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर बस अड्डा के आसपास अवैध कब्जे पर निर्माण भी हो रहा था।