प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार (प्रत्याशी) के रंगीन चित्र को देखकर मतदान कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने ऐसी व्यवस्था पहली बार की है। इसके तहत ईवीएम में प्रत्याशी का क्रमांक, प्रत्याशी का नाम, उसकी फोटो और पार्टी चिन्ह अंकित होंगे।
इससे मतदाता आसानी से पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। इसका सबसे अधिक लाभ प्रदेश के निरक्षर लोगों को होगा। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सहूलियत के लिए कुछ चीजों को सम्मिलित किया है।
इस क्रम में जहां मतदान केंद्र में वोटर वेरिफिकेशन एंड पेपर ऑडिट ट्रायल प्रणाली का प्रयोग किया जाएगा, वहीं निरक्षर मतदाताओं की सहूलियत को चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी के रंगीन चित्र अंकित होंगे। इससे कम पढ़े-लिखे और पूरी तरह से निरक्षर व्यक्ति भी अपने पसंदीदा प्रत्याशी को अपना वोट दे सकेंगे।