अनुराग ठाकुर ने कहा कि आयकर की फेसलैस असेसमेंट शुरू की जाएगी। इसे दशहरा को लांच किया जाएगा, क्योंकि मोदी सरकार ‘सस्पेक्ट ऑल’ में नहीं, बल्कि ‘रिस्पेक्ट ऑल’ में विश्वास रखती है। इससे यह करदाताओं को सम्मान देगी। मोदी सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों को गिनाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के इस कार्यकाल में कई ऐतिहासिक, साहसिक और अभूतपूर्व निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने इसरो के समर्पित वैज्ञानिकों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशीलता और प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए हिमाचलवासियों की ओर से उन्हें बधाई दी।
साथ ही कहा कि नासा तक ने इस वैज्ञानिक कदम सराहना की है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के आम लोगों के जीवन की बेहतरी के लिए अनुच्छेद -370 और 35ए को निरस्त करने, भारत को पांच खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के विजन को प्राप्त करने की दिशा में कदम उठाने, बुनियादी ढांचे और सामाजिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश, तीन तलाक के खिलाफ कानून, जीएसटी और आयकर रिटर्न भरने की प्रक्रिया में भौतिक हस्तक्षेप में कमी जैसी उपलब्धियों को गिनाया।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को 100 दिनों की ‘भारत के विकास को प्रोत्साहन साहसिक पहल और निर्णायक कार्रवाई’ विषय पर एक पुस्तिका भी प्रदान की। इस पुस्तिका में सरकार के 100 दिनों में लिए प्रमुख निर्णयों का एक संग्रह है। शिमला के पीटरहॉफ में ही उन्होंने मोदी सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों पर चित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। पत्रकार वार्ता में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व बागवानी मंत्री एवं जुब्बल-कोटखाई के भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप आदि भी मौजूद रहे।