इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग(सांकेतिक)
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश में अगले महीने से पेट्रोल पंपों पर लोग अपने इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज कर सकेंगे। पहले चरण में दिसंबर में प्रदेश के 15 पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदोस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने ट्रांसफार्मर लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसएलबी) के पास पैसा भी जमा करवाना शुरू कर दिया है।
सरकार की ओर से विद्युत बोर्ड को प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। आईओसी 17, बीपीसीएल तीन और एचपीसीएल अपने सात पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग स्टेशन की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इनमें से 15 पेट्रोल पंपों पर अगले महीने सेवा शुरू करने की तैयारी है।
ई-व्हीकल के प्रयोग को प्रोत्साहन देने के लिए दिसंबर में प्रदेश के 15 पेट्रोल पंपों पर ई-वहीकल चार्जिंग स्टेशन शुरू करने की तैयारी है। आईओसी, भारत पेट्रोलियम और हिंदोस्तान पेट्रोलियम ने पेट्रोल पंपों पर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली बोर्ड के पास पैसा जमा करवाना शुरू कर दिया है।
- आरडी नजीम, प्रधान सचिव, परिवहन
प्रदेश में 2,423 ई-वाहन पंजीकृत, 1,884 दोपहिया
प्रदेश में करीब 2,423 ई-वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,884 दोपहिया वाहन हैं। बसों की बात करें तो हिमाचल पथ परिवहन निगम ही प्रदेश में ई-बसों का संचालन कर रहा है। निजी ऑपरेटरों ने अब तक ई-बस की खरीद नहीं की है, जबकि प्रदेश सरकार इन पर 50 फीसदी अनुदान दे रही है। प्रदेश में 178 यात्री ई-रिक्शा, और 9 भारवाहक ई-रिक्शा, 43 ई-मैक्सी कैब और 30 ओमनी बसें पंजीकृत हैं। नौ ई-ऑटो (थ्री व्हीलर) भी चल रहे हैं। निगम की बसों को चार्ज करने के लिए निगम के अपने चार्जिंग स्टेशन हैं।