भारी बारिश से दो गोशालाएं ध्वस्त, पांच घरों में आईं दरारें
उधर, रामपुर उपमंडल की ननखड़ी तहसील में बारिश अपना रौद्र रूप दिखा रही है। शुक्रवार रात से जारी बारिश के कारण ननखड़ी की ग्राम पंचायत करांगला के चड़ीढारन गांव में दो गोशालाएं भूस्खलन की चपेट में आने से ध्वस्त हो गई। इनमें से एक गोशाला में रखी गाय और बछड़ी जिंदा ही दब गई। वहीं गांव के पांच लोगों के मकानों में दरारें आ गई हैं। बड़े खतरे को भांपते हुए इन मकानों को खाली करवा दिया गया है। बढ़ोग, अड्डू और खड़ाहन पंचायत के बाद अब करांगला पंचायत में भारी बारिश ने अपना कहर बरपाया है।
शनिवार सुबह हुई तेज बारिश की चपेट में आने से गांव के संजीव कुमार की गोशाला देखते ही देखते भूस्खलन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई, इसमें रखी एक गाय और बछड़ी भी भूस्खलन की चपेट में आने से जिंदा दब गए। वहीं, अन्य ग्रामीण कामराज की गोशाला भी बारिश की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त होकर ढह गई। गांव के पांच घर भी खतरे की जद में आ गए हैं। इन घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिस कारण ये कभी भी धराशायी हो सकते हैं। गांव के रक्षपाल, पुरुषोत्तम सिंह, लच्छी राम, गोविंद सिंह और मोहन लाल के मकानों को खतरा बना हुआ है और इन्हें खाली करवाया गया है। करांगला पंचायत प्रधान निशा देवी ने बताया कि भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आने से दो गोशालाएं ध्वस्त हो गई हैं।