शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ममता मोक्टा और विवि के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने शुक्रवार देर शाम लड़कों और लड़कियों के छात्रावासों का निरीक्षण किया। डीएसडब्लू ने विद्यार्थियों की समस्याओं को सुना और छात्रों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को भी जांचा। चीफ वार्डन ने विवि के स्वीकृत सौ करोड़ के अनुदान में से 40 करोड़ की राशि विवि के नए छात्रावासों के निर्माण और मरम्मत के लिए दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लड़कों के लिए विवि में सिर्फ तीन छात्रावास रह गए हैं। इस दौरे के बाद विवि में छात्राओं के बिपाशा छात्रावास में डीएसडब्लू का महिला सशक्तिकरण पर लेक्चर आयोजित किया गया। इसमें प्रो. ममता मोक्टा ने छात्राओं से अपने अधिकारों को जानने का आह्वान किया। कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े उच्च शिक्षण संस्थान हिमाचल प्रदेश विवि में 80 फीसदी छात्राओं का प्रवेश लेना सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा संकेत है। ब्यूरो