चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 पर शुक्रवार तड़के सुबह करीब 3:30 बजे हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। स्वारघाट में संतोषी माता मंदिर के समीप हुए इस हादसे में अनाज से भरा ट्राला एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से 50 फीट गहरी खाई में लुढ़क गया। दुर्घटना में चालक और परिचालक दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्राला राजस्थान के कोटा से किसी फर्म का अनाज (गेहूं) लेकर गुटकर मंडी जा रहा था। पुलिस ने बताया कि स्वारघाट से करीब तीन किलोमीटर दूर पंजपीरी स्थान पर ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क से 50 फीट गहरी खाई में लुढ़क गया।
हादसा इतना भयंकर था कि अनियंत्रित ट्राले ने पहले सड़क किनारे बनी पैरापिट को तोड़ा, फिर चीड़ के दो बड़े पेड़ों को भी जड़ समेत उखाड़ दिया। चीड़ के पेड़ों ने ट्राले के केबिन के परखच्चे उड़ा दिए। हादसे में ड्राईवर की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव ट्राले में बुरी तरह से फंस गया।
जिसे कई घंटो की मशक्कत के बाद स्वारघाट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। वहीं कंडक्टर भी बुरी तरह से ट्राले में फंसा था। जिसे निकालने के बाद पीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस के माध्यम से एफआरयू नालागढ़ ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कुलवंत सिंह (45) पुत्र प्यारा सिंह व तिलक राज (52) पुत्र चमेला के रूप में हुई है। दोनों गांव नवरसी डाकघर लाडवा जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रहने वाले थे। वहीं, हादसे की सूचना के बाद एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम और तहसीलदार स्वारघाट हुस्न चंद चौधरी ने भी दुर्घटनास्थल का जायजा लिया।