क्रिसेंट पब्लिक स्कूल टुटू में आयोजित अमर उजाला अपराजिता कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर श्वेता मिश्रा ने छात्राओं को किया जागरूक
विज्ञापन
अनुशासित होने से मिलती है सफलता, मेहनत तय करती है भविष्य संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। बेहतर भविष्य के लिए बड़े सपने देखने चाहिए। इन सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत भी जरूरी है। अनुशासित होकर यदि मेहनत करेंगे तो जीवन में हर बड़ी सफलता मिलना तय है। यह बात राजधानी के क्रिसेंट पब्लिक स्कूल टुटू में मंगलवार को आयोजित अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर श्वेता मिश्रा ने कही।
उन्होंने छात्राओं को जीवन में बेहतर भविष्य बनाने और सफलता पाने का मंत्र दिया। अब्राहिम लिंकन और कैलाश सत्यार्थी का उदाहरण देते हुए कहा कि इनसे सभी को सीख लेने की जरूरत है। ठियोग स्थित कैनरा बैंक की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्वेता मिश्रा ने कहा कि जीवन में सफलता संयोग से नहीं बल्कि सुनियोजित प्रयासों से मिलती है। यदि छात्राएं अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट सोच रखें और आज से ही सपनों को आकार देना शुरू करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा कि हर कार्य के लिए एक निश्चित समय तय करना चाहिए। पढ़ाई, खेल, रचनात्मक गतिविधियां इन सभी के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। छात्राएं अपने भीतर छिपी क्षमता को पहचान लें और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ें। छात्राओं को कच्चे चने और पक्के चने के बीच में अंतर का उदाहरण देकर बताया कि कच्चे चने में जितना ज्यादा पानी डालोगे, वह उतना ज्यादा बड़ा पौधा बनेगा। चना पक जाता है तो उसे केवल भुनकर ही खाया ही जाता है। इसी तरह आप लोग अभी कच्चे चने की तरह हो जिन्हें जितना ज्यादा ज्ञान मिलेगा वह उतना आगे बढ़ेंगे। छात्राओं को परीक्षा की तैयारी करने, तनाव से बचने के बारे में भी जानकारी दी।
विज्ञापन
परीक्षा की तैयारी में समय प्रबंधन जरूरी : डॉ. सुभाष
क्रिसेंट पब्लिक स्कूल टुटू के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद ने बताया कि सही समय प्रबंधन से न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में भी निखार आता है। बच्चों को तनाव से बचना चाहिए। सकारात्मक रवैया बनाए रखना चाहिए। इससे किसी भी परीक्षा को पास करने में मुश्किल नहीं आएगी। असली परीक्षा आपकी जिंदगी है जहां कोई भी पाठ्यक्रम नहीं होता और न ही कोई अंक मिलते हैं लेकिन इसे पास करना सबसे जरूरी होता है। छात्राओं को मोटिवेशनल स्पीकर की ओर से दिए सुझाव को अपनाने की सलाह दी।
छात्राओं बोलीं, कार्यक्रम में मिले अहम टिप्स
बारहवीं कक्षा की पलक शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से हमने समय प्रबंधन सीखा है। किस तरह से हम परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं, इसके लिए शेड्यूल बनाना जरूरी है। नौवीं कक्षा की सौम्या शर्मा ने कहा कि परीक्षाओं की सही तरीके से तैयारी करने के बारे में अहम टिप्स मिले हैं। सफलता कैसे हासिल की जा सकती है, उसके भी अच्छे उदाहरण बताए। विप्लव ने कहा कि कार्यक्रम में सीखा कि आज से ही अपने भविष्य के लिए सपने देखना शुरू करें ताकि समय से पहले अपने लक्ष्य को पूरा कर सके। बारहवीं कक्षा की आयना ने कहा कि सब लोग यही बोलते हैं कि परीक्षा में अच्छे नंबर लाने हैं कि लेकिन अच्छे अंक लाने के साथ एक अच्छा नागरिक बनना भी जरूरी है, यह इस कार्यक्रम से सीखा। प्राची शर्मा ने कहा कि अपराजिता कार्यक्रम में हमें सोचने का नजरिया पता चला कि एक छोटी चीज को भी हम किस स्तर तक सोच सकते हैं, यह बहुत जरूरी है।