भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं के बयानों को हास्यास्पद और जनता को गुमराह करने वाला बताते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर जो स्थिति बनी है, वह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि आखिर तीन दिनों में तीन अलग-अलग चुनावी रोस्टर कैसे जारी हो रहे हैं, और हर रोस्टर में आरक्षण का स्वरूप अलग-अलग क्यों है।
बिंदल ने कहा कि हर दिन एक रोस्टर जारी होता है, अगले दिन गांव की जनसंख्या बदल जाती है और नया रोस्टर आ जाता है, और तीसरे दिन फिर एक नया रोस्टर। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि चुनावी धांधली का सुनियोजित प्रयास है। बिंदल ने आरोप लगाया कि यह सब केवल पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है और अब जनता का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है।
उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि जनता को यह भी विश्वास नहीं कि जो रोस्टर आज जारी हुआ है, वह 5 या 10 दिन बाद भी वही रहेगा। डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता चंबा से लेकर भरमौर और किन्नौर तक सड़कों पर उतरकर विरोध कर रही है, क्योंकि सरकार ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले डीजल पर ₹10.40 का वैट लगाकर जनता पर हजारों करोड़ का बोझ डाला और अब ₹5 प्रति लीटर सेस लगाने की तैयारी कर ली है। इसका सीधा असर परिवहन, महंगाई और रोजमर्रा के सामानों पर पड़ेगा—जनता की जेब पर सीधा वार किया जा रहा है। बिंदल ने कहा कि सीमेंट के दामों में भारी वृद्धि, स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी, एचआरटीसी किराए में वृद्धि, पानी और बिजली के बिलों में इजाफा तथा राशन डिपो में महंगे दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।