शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के शिक्षा विभाग के सह-आचार्य एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. चमन लाल बंगा को द्रोणाचार्य शिक्षक शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा, अध्यापन, शोध, शिक्षक-निर्माण और समाज में ज्ञान एवं मानवीय मूल्यों के प्रसार में योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान मिलेगा। अस्तित्व चैरिटेबल ट्रस्ट, चंडीगढ़ और साहित्य श्री दरबार फाउंडेशन रीवा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सम्मान समारोह आयोजित होगा। समारोह 24 अगस्त को झारखंड के जमशेदपुर में होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. बंगा बंगाणा तहसील के रायपुर मैदान क्षेत्र के निवासी हैं। वह घीसू राम और स्वर्गीय विद्या देवी के पुत्र हैं। सम्मान की सूचना से क्षेत्र में खुशी है। संवाद