हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बड़ा तोहफा देने का ऐलान कर दिया है। इससे हजारों कर्मचारियों को काफी फायदा होने वाला है। दरअसल परिवहन मंत्री जीएस बाली ने 20 साल सेवा पूरी करने वाले परिचालकों को दो इंक्रीमेंट देने का फैसला लिया है।
परिवहन संयुक्त समन्वय समिति लंबे समय से यह मांग कर रही थी। शुक्रवार को परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में यह घोषणा की गई। परिवहन मंत्री ने एचआरटीसी पेंशनरों के मामले को मंत्रिमंडल में ले जाना का आश्वासन दिया। एचआरटीसी से सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिल रही है।
एचआरटीसी के पेंशन फंड में पैसा न होने के कारण इसे कैबिनेट में ले जाया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवहन मंत्री जीएस बाली ने परिवहन निगम के चालकों और परिचालकों का बीमा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे कंपनियों से बराबर संपर्क बनाए हुए हैं।
ये फैसले भी लिए गए
उन्होंने निगम अधिकारियों को बसों में ढाबों के नाम और मूल्य सूची प्रकाशित करने और पंजीकृत ढाबों के बाहर की बसें को रोकने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि नई बसें चलाने के लिए चालकों को विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन परिचालकों ने 20 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है और पदोन्नति नहीं मिली है, उन्हें दो वेतन वृद्धियां दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि निगम के बेड़े में 200 नई बसें जोड़ी जाएगी। चालकों-परिचालकों की सुविधा के लिये आराम गृह उपलब्ध कराए जाएंगे। बाली ने परिचालकों से कहा कि बिना टिकट यात्रा करने पर यात्री एवं परिचालक दोनों को जुर्माना अथवा सजा हो सकती है, इसलिए परिचालकों को सावधान रहने की आवश्यकता है। टिकट को लेकर हेराफेरी पर परिचालक से किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जा सकती।
7 साल पूरा करने वाले दिहाड़ीदार होंगे नियमित
स्टाफ की कमी की मांग परिचालक संघ ने भी उठाई। संघ के अध्यक्ष प्यारे लाल कश्यप ने परिचालकों की पदोन्नति के बारे में मंत्री को सुझाव दिए। प्रबंध निदेशक अशोक तिवारी, कार्यकारी निदेशक आरके गौतम सहित अन्य कर्मचारी बैठक में उपस्थित थे।
वही, खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने खाद्य आपूर्ति निगम के कर्मचारियों को राहत दी है। खाद्य आपूर्ति निगम में 7 साल पूरा करने वाले दिहाड़ीदार नियमित होंगे जबकि 9 साल पार्ट टाइमर दिहाड़ीदार बनेंगे। मंत्री ने खाद्य आपूर्ति निगम में तैनात 700 कर्मचारियों को डीए देने का एलान किया है। खाद्य आपूर्ति निगम कर्मचारी महासंघ की खाद्य आपूर्ति मंत्री के साथ बैठक में यह घोषणाएं की गई।