हमलावर लावारिस कुत्तों को पकड़कर शेल्टर में रखा जाएगा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों को हमलावर लावारिस कुत्तों से जल्द राहत मिलने वाली है। नगर निगम की ओर से टुटीकंडी में 250 कुत्तों की क्षमता वाला डॉग शेल्टर तैयार किया जाएगा। इसे 15 दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में नगर निगम ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। डॉग शेल्टर तैयार होने के बाद शहर में हमलावर कुत्तों को पकड़कर यहां रखा जाएगा। इसके अलावा, कुत्तों की नसबंदी के अभियान में भी तेजी आएगी। वर्तमान में शेल्टर की कमी के कारण नगर निगम को नसबंदी अभियान चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने सोमवार को मनाली से शिमला पहुंचे डॉग लवर्स संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ टुटीकंडी क्षेत्र का दौरा किया। यहां नगर निगम ने लावारिस कुत्तों के लिए डॉग शेल्टर बनाने के लिए जमीन चिह्नित की है। मौके पर शेल्टर निर्माण की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने बताया कि डॉग शेल्टर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट और एनिमल वेलफेयर बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। शेल्टर तैयार होने के बाद शहर में घूम रहे हमलावर कुत्तों को पकड़कर यहां रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि शेल्टर में रखे जाने वाले कुत्तों को समय पर भोजन और पानी उपलब्ध करवाने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।