शिमला। शहर के कच्चीघाटी क्षेत्र में मंगलवार रात लावारिस कुत्तों के एक झुंड ने सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। कुत्तों ने इस व्यक्ति की दाईं टांग में काटा है। जानकारी के अनुसार टुटीकंडी के गोपाल कृष्ण रात करीब 8:45 बजे कच्ची घाटी से दुकान से वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान हिमाचल प्रेस के पास अचानक कुत्तों ने हमला कर दिया। इससे वह सड़क पर गिर गए। कुत्तों ने उन्हें लहूलुहान कर दिया। किसी तरह जान बचाकर गोपाल यहां से अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह आए दिन लोगों पर हमले कर रहे हैं। लोगों ने नगर निगम से हमलावर कुत्तों को तुरंत पकड़ने की मांग की है।