कोलकाता में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसक मारपीट का चंबा मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी एसोसिएशन, एचएमओए मेडिकल कॉलेज शाखा और मेडिकल छात्र संघ ने कड़ा विरोध जताया है। विरोध प्रदर्शन करते हुए अस्पताल से चौगान तक मौन मार्च निकाला गया।
वहीं, आईजीएमसी शिमला में चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर मरीजों का उपचार किया। डॉक्टरों का कहना है कि इस प्रकार का अमानवीय और हिंसक व्यवहार लोकतांत्रिक समाज के लिए एक अभिशाप है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाया जाए। डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट जल्द बनाया जाए और कड़ाई के साथ इसे लागू किया जाए।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हिमाचल चैप्टर की मंडी इकाई ने ममता बनर्जी को चेताया कि 17 तक कार्रवाई नहीं की तो राष्ट्रव्यापी हड़ताल में सभी डॉक्टर शामिल हो जाएंगे।