हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में साइबर ठगों ने एक डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर 36 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने का डर दिखाकर करीब तीन दिन तक डॉक्टर को मानसिक दबाव में रखा और नाम हटाने के एवज में मोटी रकम वसूल ली। डॉक्टर ने इस संबंध में साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार ठगों ने नवंबर 2025 में डॉक्टर से संपर्क कर उन्हें गंभीर अपराध में आरोपी बताया। डर और दबाव में आकर डॉक्टर ने दो ट्रांजेक्शन के जरिये 36 लाख रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने जनवरी 2026 में पुलिस को शिकायत दी। प्राथमिकी दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस थाना धर्मशाला मामले की जांच कर रही है।
जनवरी और फरवरी में साइबर क्राइम पुलिस थाना धर्मशाला में डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर ठगी के चार मामलों की शिकायतें दर्ज हुई हैं। प्राथमिकी दर्ज कर मामलों की जांच की जा रही है। - रोहित मालपानी, पुलिस उप महानिरीक्षक, साइबर क्राइम