फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश: एक पैर से टेंपो चला परिवार को पाल रहे दिव्यांग हरदयाल

Mon, 08 Oct 2018 01:05 PM IST
विवेक कुमार शर्मा, अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन

गंभीर बीमारी के चलते बायीं टांग और हाथ का एक अंगूठा कट जाने के बावजूद दिव्यांग हरदयाल सिंह युवाओं के लिए स्वरोजगार की मिसाल बन गए हैं। बीमारी के इलाज में उनका सारा पैसा लग गया लेकिन आज तक न कभी स्थानीय विधायक या सरकार से नौकरी मांगी और न ही पैसे के लिए किसी रिश्तेदार के आगे हाथ फैलाए।

विज्ञापन


बीपीएल परिवार से संबंधित हरदयाल को एक साल तक घर में बेकार बैठने के बाद दोस्त ने उपहार में एक ऑटो (छोटा टेंपो) दिया। बैसाखी के सहारे चलने वाले हरदयाल जुगाड़ सिस्टम से अब टेंपो का क्लच हाथ से दबाते हैं और शानदार तरीके से टेंपो चलाकर अपना और परिवार का पेट पाल रहे हैं। हरदयाल का कहना है कि अगर मन में काम करने की लगन हो तो दिव्यांगता भी आपके आड़े नहीं आती है। अगर किसी को जरूरत पड़े तो वह मदद भी करते हैं।

परिवार में कमाने वाले इकलौते थे

लालसिंगी निवासी हरदयाल ने बताया कि वह पहले ट्रक चलाते थे। उनका पैर सुन्न रहने लगा तो डॉक्टरों को दिखाया। डॉक्टरों ने उनकी बायीं टांग और हाथ का एक अंगूठा काट दिया। वह परिवार में कमाने वाले इकलौते थे।

दोस्त ने मदद की तो दो बेटियों, एक बेटे और पत्नी के साथ सम्मान की जिंदगी जी रहे हैं। अब वह किसी चीज के लिए दूसरों के मोहताज नहीं हैं। वे बताते हैं कि मुश्किल घड़ी में पत्नी ने उनका पूरा साथ दिया और कभी महसूस ही नहीं होने दिया कि वह दिव्यांग हैं।
विज्ञापन

रिन्यू नहीं हो रहा लाइसेंस

चालक हरदयाल का कहना है कि दिव्यांगता के चलते परिवहन विभाग में उसका लाइसेंस रिन्यू नहीं हो रहा है। इससे अब उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि वह किसी भी विपरीत स्थिति में टेंपो चलाने में सक्षम हैं। विभाग उनका चालक का परीक्षण ले सकता है। आज तक दिव्यांगता के चलते उनसे कभी कोई हादसा नहीं हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें