सरकार से टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं बरतने की शिकायत की गई है। इसी दौरान कलरफुल वर्दी के कुछ सैंपल भी गुणवत्ता की कसौटी पर खरे नहीं उतरे हैं। मामला सचिवालय पहुंचते ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम ने मामले की फाइल सरकार को भेज कर विवाद और गहरा दिया है। निगम और शिक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से भी गुरेज कर रहे हैं।
पहली से जमा दो कक्षा तक पढ़ने वाली छात्राओं को तीन रंगों की चेकदार स्मार्ट वर्दी देना प्रस्तावित है। सरकार ने लड़कियों के लिए लाल, काले और सफेद रंग की चेकदार वर्दी को मंजूर किया है। छठी से बारहवीं तक की छात्राओं को दुपट्टा भी दिया जाएगा।
लड़कों की वर्दी हरे रंग की पैंट और हरे रंग की चेक कमीज होगी। पहली से जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों को स्मार्ट वर्दी के दो-दो सेट दिए जाएंगे। पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों को वर्दी की सिलाई का पैसा अलग से दिया जाएगा जबकि जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों को सिलाई का पैसा नहीं दिया जाएगा।
स्मार्ट वर्दी के टेंडर अवार्ड करने से पहले शिक्षा विभाग को अंतिम मंजूरी के लिए फाइल भेजी गई है। टेंडर अवार्ड करने के लिए निगम की सभी तैयारियां पूरी हैं। शिक्षा विभाग से मंजूरी मिलते ही टेंडर अवार्ड कर दिया जाएगा।
- एसएस गुलेरिया, प्रबंध निदेशक खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम
जुटाई जा रही जानकारी
स्मार्ट वर्दी के टेंडर लेने के लिए आए आवेदनों को लेकर सरकार ने कुछ जानकारियां मांगी हैं। जानकारियां जुटते ही सरकार को अवगत करवा दिया जाएगा। स्कूली बच्चों को जल्द से जल्द स्मार्ट वर्दी उपलब्ध करवा दी जाएगी।
- डॉ. अरुण कुमार शर्मा, शिक्षा सचिव