आचार संहिता लागू होने के पहले दिन सिरमौर जिले में उल्लंघन के आरोप लगे हैं। ददाहू पंचायत घर में स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनाए जा रहे थे। कार्ड बनाने की एवज में लोगों से 30 रुपये प्रति व्यक्ति भी लिए जा रहे थे।
कांग्रेसियों ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। ददाहू पंचायत घर में कार्ड बनाने को 8 से 11 मार्च की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन 10 मार्च को शाम पांच बजे आचार संहिता लागू हो गई। बावजूद इसके कार्ड बनाए जाते रहे।
इस पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है। योजना के तहत ददाहू और शीतला पंचायत के 168 परिवारों के लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाने थे। हालांकि, दोपहर 12 बजे हाल में ताला लगाकर कर्मचारी चले गए।
बताया जा रहा है कि सोमवार को करीब 30 से 40 हेल्थ कार्ड बनाए गए। रेणुका के विधायक विधायक विनय कुमार ने आयुष्मान कार्ड बनाने को आचार संहिता का उल्लंघन बताया।
कहा कि इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ प्रदेश निर्वाचन अधिकारी को भी भेजी जाएगी। उधर, उपायुक्त ललित जैन ने बताया कि इस बारे में राज्य सरकार से क्लेरिफिकेशन मांगी गई है।