व्यापार मंडल के विरोधी धड़े धड़े के सामने अब नई परेशानी
कई बड़े कारोबारी नेता चुनाव से पीछे हटे
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। व्यापार मंडल शिमला के चुनाव करवाने पर अड़े कारोबारियों ने 31 अक्तूबर को चुनाव करवाने का एलान तो कर दिया लेकिन अब इनके सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। इन्हें चुनाव के लिए दावेदार ढूंढने पड़ रहे हैं। बड़े कारोबारी नेता पहले ही चुनाव न लड़ने का फैसला ले चुके हैं।
चुनाव के लिए संजीव ठाकुर अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। इनके गुट के कुछ अन्य कारोबारी नेता बाकी पदों की दौड़ में है। लेकिन इनके खिलाफ चुनाव मैदान में कोई उतरेगा या नहीं, इस पर भी संशय बरकरार है। ज्यादातर बड़े कारोबारी नेता चुनाव लड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, कंवलजीत सिंह समेत कई कारोबारी पहले ही चुनाव न लड़ने का फैसला कर चुके हैं। ऐसे में यदि चुनाव करवाना है तो मैदान में दावेदार होना जरूरी है।
31 अगस्त को सर्वसम्मति से चुने गए व्यापार मंडल पर तो इस धड़े ने आपत्ति जता दी लेकिन अब खुद इनके सामने भी दावेदार न मिलने पर ऐसी स्थिति आ सकती है। यदि आने वाले दिनों में बाकी कारोबारी नेता भी चुनाव लड़ने से पीछे हटते हैं तो इस धड़े की परेशानी बढ़ जाएगी। यह धड़ा पहले ही सर्वसम्मति की जगह चुनाव करवाने का दावा कर चुका है। ऐसे में देखना रोचक होगा कि चुनाव मैदान में कोई उतरता है या नहीं।
आज से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव के लिए नामांकन पत्र सात अक्तूबर से मिलना शुरू हो जाएंगे। कारोबारी दो सौ रुपये देकर मिडल बाजार के कारोबारी रविंद्र सूद से यह नामांकन पत्र हासिल कर सकते हैं। नामांकन पत्र 11 से 13 अक्तूबर शाम छह बजे तक जमा हो सकेंगे। इसकी छंटनी 14 अक्तूबर को होगी। 16 अक्तूबर तक कारोबारी नामांकन वापस ले सकेंगे। 31 अक्तूबर को सुबह दस से शाम पांच बजे तक जैन हाल परिसर में मतदान किया जाएगा।