प्रदेश के कॉलेजों में एक साल के दौरान 180 टीचिंग डे पूरे नहीं करवाने वाले प्रिंसिपलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को तीन दिन में इस साल के लिए शैक्षणिक कलेंडर बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सेमेस्टर में 90 और ईयर सिस्टम में 180 दिन की कक्षाएं लगना जरूरी हैं।
ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि यूजीसी की गाइडलाइन के मुताबिक सेमेस्टर सिस्टम में 90 दिन और ईयर सिस्टम में 180 दिन की कक्षाएं लगाना अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई कॉलेजों में इस गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। कई कॉलेजों में निर्धारित दिनों के कम कक्षाएं लग रही हैं।
शैक्षणिक कैलेंडर नहीं होने के चलते यह समस्या हुई है। निदेशक ने बताया कि सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को पत्र जारी कर 13 अगस्त तक शैक्षणिक कैलेंडर तैयार कर निदेशालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।