बर्फबारी से जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में पेट्रोल और डीजल की किल्लत हो गई है। हालांकि, बीते दिन एकमात्र पेट्रोल पंप छुरपक में डीजल-पेट्रोल के दो टैंकर पहुंच गए हैं।
मंगलवार को तेल भरवाने के लिए यहां गाड़ियों का हुजूम उमड़ पड़ा। छुरपक पंप के प्रभारी राज ने बताया कि इस साल के लिए यह आखिरी सप्लाई थी। अब अगले साल आपूर्ति बहाल होगी।
डीजल-पेट्रोल न मिलने से वाहन चालक काफी परेशान थे। मौसम साफ न होता और बीआरओ के प्रयास से रोहतांग दर्रा नहीं खुलता तो वाहन और टैक्सियों के पहिए कम से कम छह महीने के लिए जाम हो जाते।
ऊंची चोटियों पर हुआ हिमपात
वहीं प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात के बाद बुधवार से एक बार फिर मौसम साफ हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार से मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया है। वहीं, मंगलवार को कुल्लू-मनाली में ऊंची चोटियों पर मंगलवार को ताजा हिमपात हुआ।
मनाली की उंची चोटियां मकरवे, शिकरवे, सेवन सीस्टर पीक, मनाली पीक, लददाखी पीक, पतालसू पीक में हल्का हिमपात हुआ। वहीं पर मनाली सहित समूची घाटी में कडाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर हो रहे ताजा हिमपात से ठिठुरन बढ़ती जा रही है।
मंगलवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सुंदर नगर का 3.1, कल्पा का -1.0, धर्मशाला का 7.0, ऊना का 5.0, केलांग का -4.1 सोलन का 3.0, मनाली का 1.0, मंडी का 5.7, हमीरपुर का 6.8, और चंबा में 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।