शिमला-धर्मशाला फोरलेन हाईवे निर्माण के लिए एनएचएआई ने धर्मशाला से ज्वालाजी तक के पैकेज (थ्री-डी) का सर्वे शुरू कर दिया है। इसे 15 दिन में पूरा किया जाएगा। ज्वालाजी से आगे के लिए थ्री-ए की अधिसूचना जारी कर आगे का कार्य शुरू कर दिया गया है। एनएचएआई ने शिमला-धर्मशाला फोरलेन हाईवे निर्माण को पांच पैकेजों में बांटा है। इस पर कुल पांच हजार करोड़ की लागत आएगी। सड़क निर्माण के लिए 2022 का लक्ष्य तय किया है।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के लिए थ्री-डी का सर्वे लगभग 15 दिन में पूरा हो जाएगा। इससे साफ हो जाएगा कि इस पैकेज में सड़क निर्माण के दौरान कितने लोगों के मकान, मंदिर, वन विभाग के क्षेत्र और अन्य क्षेत्र आएंगे। ज्वालाजी से आगे के लिए एनएचएआई ने थ्री-ए की नोटिफिकेशन जारी कर दी है।
इसमें सड़क के दायरे में आने वाली जमीन पर बुर्जियां लगाई जाएंगी। इधर, एनएचएआई के शिमला-धर्मशाला फोरलेन के परियोजना निदेशक वाईए राउत ने बताया कि पहले चरण के लिए थ्री-डी का सर्वे 15 दिन में पूरा होते ही आगे का काम शुरू होगा। ज्वालाजी से आगे वाले कार्य के लिए थ्री-ए की नोटिफिकेशन जारी कर दी है।
इसका काम भी शुरू हो गया है। एनएचएआई ने धर्मशाला-शिमला फोरलेन हाईवे को पांच पैकेज में बांट रखा है। प्रत्येक पैकेज के लिए 1000 करोड़ का बजट रखा गया है। सभी पैकेजों का निर्माण व टेंडर अलग-अलग किए जाएंगे। ये पांच पैकेज धर्मशाला-ज्वालमुखी, ज्वालामुखी-हमीरपुर, हमीरपुर-घुमारवीं, घुमारवीं-भराड़ीघाट व भराड़ीघाट-शिमला हैं।