हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के तहत खनियारा के खड़ोता में देर रात एक कार लगभग 150 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में लेफ्टिनेंट समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कर्मचारी सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
हादसा देर रात लगभग सवा एक बजे हुआ। घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त खड़ोता में घूमने के लिए गए थे। वहां से धर्मशाला लौटते वक्त खड़ोता से कुछ ही दूरी पर कार खाई में गिर गई।
सेना में लेफ्टिनेंट थे मुनीष वर्मा
खनियारा-खड़ोता सड़क पर हुए हादसे में मृतकों की पहचान अभिनव कुमार पुत्र अशोक कुमार और मुनीष कुमार पुत्र ईश्वरदास निवासी सिहुंता (चंबा) के रूप में हुई है। घायलों में कमलेश कुमार पुत्र ठाकर चंद निवासी हियून तहसील पधर (मंडी), सूर्या चौहान पुत्र पवन कुमार और अमित कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी सिहुंता (चंबा) शामिल हैं।
गंभीर हालत के चलते अमित कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मुनीष वर्मा सेना में लेफ्टिनेंट थे और अभिनव कुमार ने एनआईटी हमीरपुर से इसी वर्ष पढ़ाई पूरी की थी।
घायल कमलेश कुमार पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और धर्मशाला जेल में सेवाएं दे रहे हैं। सूर्या चौहान केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से पढ़ाई कर रहे हैं। अमित कुमार भी चंबा में पढ़ाई करते हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. रमेश छाजटा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, एक घायल
ठियोग (रामपुर बुशहर)। शिमला-रामपुर एनएच पर मतियाना के पास एक वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति बुरी तरह से जख्मी हो गया। घायल को ठियोग में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम को एक वैन एचपी 51-4207 मतियाना से नारकंडा की ओर जा रही थी। मतियाना के नन्नी ढांक के समीप चालक के अचानक नियंत्रण खोने से वैन राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच से करीब पांच सौ मीटर नीचे जा गिरी।
इस हादसे में कार में सवार शेर बहादुर (35) पुत्र मान सिंह और रामु खडका (38) पुत्र सूखे खडका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार किस्मत सिंह (29) बुरी तरह से जख्मी हो गया और उसे प्राथमिक उपचार के लिए ठियोग लाया गया। इसकी गंभीर हालत को देखते हुए शिमला आईजीएमसी रेफर किया गया है।
हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी ठियोग बलबीर जस्वाल ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हो गया है। मृतकों के शवों को पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया है। हादसे में मारे गए और घायल तीनों लोग मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं, लेकिन ये सभी मतियाना में बीते कई वर्षों से रह रहे थे।
कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
कोटखाई (रोहड़ू)। ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर कोकुनाला में बुधवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कार नंबर एचपी 09ए 5266 फागू से खनेटी की ओर जा रही थी। इसी बीच अचानक गाड़ी कोकुनाला में सौ फीट नीचे खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों के सहयोग से गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को घायल अवस्था में खाई से निकाला गया। इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कोटखाई अस्पताल ले जाया गया। कोटखाई अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान नरेश कुमार (32) पुत्र जमनु राम गांव शिलुघाटी उपमंडल ठियोग के रूप में हुई है। जबकि रणधीर (27) पुत्र रामकृष्ण गांव शिलुघाट उपमंडल ठियोग घायल हुआ है।
पुलिस थाना कोटखाई के प्रभारी परमजीत ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि, एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में कोटखाई से आईजीएमसी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।