शानदार प्रदर्शन के लिए नरवीर बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के भराड़ी खेल मैदान में शनिवार को हिमाचल लीजेंड क्रिकेट लीग के दूसरे संस्करण का धमाकेदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पहले दिन दो मुुकाबले खेले गए। पहले दिन लीजेंड हरिकेन टीम ने लीजेंड नगर निगम की टीम को रोमांचक मुकाबले में हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नगर निगम की टीम 20 ओवर में 137 रन ही बना सकी। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने 29 गेंदों में 48 रन की पारी खेली। लीजेंड हरिकेन की टीम ने इसे आसानी से हासिल कर लिया। लीजेंड हरीकेन की ओर से नरवीर ठाकुर ने 55 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसमें चंद्रमोहन ने 17 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। हरिकेन ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया। नगर निगम के स्ट्राइक गेंदबाज विनीत शर्मा ने दो विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए नरवीर ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसमें 50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इससे पहले लीजेंड स्नो डॉन और लीजेंड लॉयन के बीच मैच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड स्नो डॉन की टीम ने 20 ओवर में 204 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के सलामी बल्लेबाज लोकेश ने 49 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। इनके साथ संजीव ने भी 16 गेंदों में 33 किफायती रन बनाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। इसके जवाब में लीजेंड लॉयन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को 19.5 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। लीजेंड लायन ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज राजेश चौहान ने लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 31 गेंदों में 60 रन बनाए। इनके साथ संजय गरला ने भी टीम के लिए 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
मेयर सुरेंद्र चौहान ने खिलाड़ियों को स्वच्छता का संदेश दिया और निगम के पोर्टल पर वोटिंग भी करवाई। आयोजक नरवीर ने बताया कि लीग का उद्देश्य केवल मनोरंजन और प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।