प्रबंधन को दिए व्यवस्था सुधारने के निर्देशरसोई और भोजन परोसने वाली जगह में की गई है सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राज्य खाद्य आयोग की टीम के निरीक्षण में मंगलवार को प्री-प्राइमरी बच्चों के लिए मिड-डे मील व्यवस्था में सामने आई खामियों के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। गौरतलब है कि बीते निरीक्षण के दौरान मिड डे मील के भोजन में घुन (कीड़े) पाए गए हैं।
प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक निशा भलूनी ने सहायक शिक्षा निदेशक प्राथमिक सुनीता, क्लस्टर हेड कांता ठाकुर और एसएमसी प्रधान नीता ठाकुर के साथ घणाहट्टी प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपनिदेशक ने बताया कि आने वाले दिनों में अन्य प्री-प्राइमरी और प्राथमिक स्कूलों में भी इसी तरह के निरीक्षण किए जाएंगे। उपनिदेशक ने पाया कि स्कूल प्रबंधन ने कल सामने आई कमियों को दूर करने की दिशा में कदम उठाए हैं। छोटे बच्चों को भोजन से पहले हाथ धुलवाने की व्यवस्था की है। रसोई और भोजन परोसने वाली जगह की सफाई में सुधार किया है।
उन्होंने कक्षाओं और रसोईघर का निरीक्षण कर बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी जांची। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक निशा भलूनी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि मिड-डे मील से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्री-प्राइमरी के छात्रों के लिए आवश्यकतानुसार सहायता कर्मी का प्रबंध सुनिश्चित किया जाए ताकि बच्चों को हाथ धुलवाने, भोजन कराने और शौचालय ले जाने में कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।