प्रदेश सरकार का अभी मंत्रिमंडल तय नहीं हुआ है, लेकिन कांग्रेस के नेता निगम-बोर्डों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को लेकर गोटियां फिट करने में लगे हैं। जब से सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री का पद संभाला है, तब से ये नेता सचिवालय में दस्तक दे रहे हैं। इसके अलावा वकील भी हाईकोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता और सहायक महाधिवक्ता को लेकर सचिवालय के चक्कर काट रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने अभी सचिवालय में तीन नामित लोगों की तैनाती की है। इनमें सुनील शर्मा को मुख्यमंत्री का राजनीतिक सलाहकार बनाया गया है, जबकि गोकुल बुटेल को प्रधान सलाहकार आईटी और नरेश चौहान को प्रधान सलाहकार मीडिया लगाया गया है। तीनों को कैबिनेट स्तर का रैंक दिया गया है। सरकार ने इसके बाद नियुक्तियों की प्रक्रिया रोक दी है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में मंत्रिमंडल का गठन और शीतकालीन सत्र होने के बाद ही अध्यक्ष उपाध्यक्ष की तैनाती पर विचार किया जाना है।