विवि में नए छात्रावासों का निर्माण जल्द शुरू करने की उठाई मांग
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन (एससीए) की अध्यक्ष मुस्कान की अगुवाई में सोमवार को एससीए पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा से मिला। विवि में जल्द नए छात्रावासों का निर्माण करने, विश्वविद्यालय की मेरिट के आधार पर मनोनीत एससीए के लिए अलग से एससीए रूम व कार्यालय की व्यवस्था करने की मांग को उठाया। मुस्कान ने छात्रावासों की ओर जाने वाली सड़कों का रखरखाव करने, लड़कों और लड़कियों के लिए नए छात्रावासों का निर्माण, पुराने छात्रावासों की मरम्मत, पुस्तकालय और हर विभाग के शौचालय में कूड़ेदान उपलब्ध करवाने की मांगें भी उठाईं। इस दौरान विपाशा कन्या छात्रावास की शैलजा डोगरा ने भी हॉस्टल के विभिन्न मुद्दों को प्रतिकुलपति के समक्ष उठाया। उन्होंने छात्रावास परिसर के बाहर चहारदिवारी लगाने, छात्रावासों में व्यायाम, खेल गतिविधियों की सुविधा देने और जिम के लिए उपकरण आउटडोर, इनडोर खेल उपकरण उपलब्ध करवाने जैसी मांगें उठाईं। प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा ने आश्वासन दिया कि मांगों को को लेकर जल्द कदम उठाए जाएंगे।