ठियोग में होगी जिला कमेटी की बैठक, पेंशनरों के मुद्दों पर होगा मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला शिमला इकाई की त्रैमासिक बैठक दो अक्तूबर को ठियोग में होगी। बैठक में पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर मंथन किया जाएगा। जिला संयोजक मोहन ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक होगी। बैठक के बाद ठियोग में मांगों को लेकर रैली निकाली जाएगी।
समिति के अनुसार बैठक में जिला शिमला के 12 ब्लॉकों और दो शहरी इकाइयों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। जिला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भाग चंद चौहान बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को प्रदेशभर में पेंशनर संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे। सरकार की नीतियों और पेंशनर्स की मांगों को खंड स्तर से लेकर पंचायत और गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 13 मई को मुख्यमंत्री ने सचिवालय में समिति के 18 संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। उस दौरान 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों को 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कम्यूटेशन की राशि 31 जुलाई से पहले जारी करने का आश्वासन दिया था। पेंशनर्स नेताओं ने कहा कि यह आश्वासन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे रोष है। प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जो पेंशनरों की सभी देनदारियों का भुगतान होने तक जारी रहेगा।