बोले, वर्ष 2025 और 2026 का बागवानों को नहीं मिला सेब व अन्य फलों का भुगतान
दस्तावेज जमा करवाने के दो से तीन माह बाद भी खातों में नहीं पहुंची राशि
100 से अधिक पेटियां देने वाले किसानों को नोटिस जारी कर दोबारा बुलाने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सेब उत्पादक संघ ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत सेब और अन्य फलों की खरीद का करीब 125 करोड़ रुपये का भुगतान न होने का विरोध जताया है। इससे हजारों बागवान परेशान हैं। हिमाचल सेब उत्पादक संघ ने प्रदेश सरकार से किसानों का लंबित भुगतान तुरंत जारी करने की मांग उठाई है। संघ का आरोप है कि जरूरी दस्तावेज जमा करवाने के बावजूद किसानों को दो से तीन माह से अधिक समय बीतने पर भी राशि नहीं मिल रही है।
संघ के राज्य कमेटी सदस्य संजय चौहान ने कहा कि सरकार ने मार्च में भुगतान की प्रक्रिया शुरू की थी। पहले 30 पेटियों तक सेब देने वाले किसानों को भुगतान किया गया। इसके बाद 100 पेटियों तक सेब देने वाले बागवानों को राशि जारी करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, अब इन किसानों को भी भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। अधिकारियों की ओर से भुगतान में देरी का कारण पिछले वर्ष कुछ स्थानों पर पेटियों की खरीद में सामने आई गड़बड़ियों की जांच बताया जा रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से नोटिस जारी करने पर रोक के आदेश के बावजूद 100 से अधिक पेटियां देने वाले हजारों किसानों को अलग-अलग स्थानों पर उपमंडलाधिकारियों के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्हें जमीन के दस्तावेज लेकर दोबारा पेश होने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इससे उन किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिनका गड़बड़ियों से कोई लेना-देना नहीं है।
संघ ने एमआईएस के तहत खरीद में सामने आई अनियमितताओं की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। आरोप लगाया कि एचपीएमसी और हिमफेड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। खरीद केंद्रों से समय पर सेब नहीं उठाने और खराब सेब को दफनाने के मामलों में भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। दोषियों से नुकसान की भरपाई करवाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। संघ ने सरकार से खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और किसानों के खातों में सीधे भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से एमआईएस जारी रखने और इसके लिए प्रतिवर्ष कम से कम 1500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान करने का आग्रह किया। संघ ने चेताया कि योजना बंद करने का प्रयास हुआ तो इसका विरोध किया जाएगा।